अबनाः यमन पर सऊदी अरब का अतिक्रमण जारी है जबकि सऊदी अरब की सीमा पर झड़पों में दसियों सऊदी सैनिकों के मारे जाने का समाचार है।
लेबनान के अलमनार टीवी चैनल ने शनिवार की शाम अपनी एक रिपोर्ट में बताया है कि यमन के तख़िया कबीले के लड़ाकों ने सीमावर्ती क्षेत्र में स्थित सऊदी अरब की अमनारह सैनिक छावनी पर क़ब्ज़ा कर लिया है। तख़िया क़बीले के लोगों ने, सऊदी अरब की बमबारी में अपने क़बीले के कुछ लोगों की मौत के बाद यह कार्यवाही की है
अलमनार टीवी चैनल के अनुसार तख़िया क़बीले के लोगों ने इस हमले में दसियों सऊदी सैनिकों को मार गिराया जबकि कुछ सैनिक, सऊदी अरब की सीमा में भाग गये।
यमनी कबाइली लड़ाकों को भारी मात्रा में गोला बारूद भी मिला और इस छावनी में मौजूद सऊदी अरब के सैन्य वाहन और उपकरण, तख़िया कबीले के लड़ाकों के हाथ लग गये।
यमनी सूत्रों के अनुसार तख़िया क़बीले के इस हमले के बाद छावनी में मौजूद सऊदी सैनिकों में भगदड़ मच गयी और सऊदी युद्धक विमानों ने यमन के कई क्षेत्रों में बमबारी की है। इसी मध्य यमनी सेना के प्रवक्ता ने कहा है कि हमारे अंदर इतनी शक्ति है कि हम यमन के रेगिस्तानों, पहाड़ों और मैदानों को सऊदी अरब के सैनिकों का क़ब्रिस्तान बना दें।
सऊदी अरब की सरकारी न्यूज़ एजेन्सी ने बताया है कि शुक्रवार को हौसियों के साथ सीमा पर झड़पें हुईं और एक सीमावर्ती सैन्य ठिकाने पर गोलाबारी की गयी जिसमें तीन सऊदी सैनिक मारे गये और 2 घायल हो गये हैं।
11 अप्रैल 2015 - 19:34
समाचार कोड: 682896
यमन पर सऊदी अरब का अतिक्रमण जारी है जबकि सऊदी अरब की सीमा पर झड़पों में दसियों सऊदी सैनिकों के मारे जाने का समाचार है।